Delhi, Punjab समेत 3 राज्य में बारिश के लिए IMD का अलर्ट, 9 जुलाई तक छाए रहेंगे बादल
Delhi: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की एंट्री के बाद मौसम बदल गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। IMD ने चेतावनी
Delhi: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की एंट्री के बाद मौसम बदल गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। IMD ने चेतावनी दी है कि बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है, जबकि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून 2 जुलाई 2026 को आया, जो अपनी सामान्य तारीख से पांच दिन की देरी है। 2021 के बाद यह पहली बार हुआ है जब मानसून जुलाई में पहुंचा है। पिछले 24 घंटों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें छत्तरपुर में सबसे ज्यादा 17.5mm बारिश हुई। इसके अलावा अयानगर, सफदरजंग और लोधी रोड जैसे इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
आने वाले दिनों की बात करें तो 6 से 8 जुलाई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अनुमान है कि 9 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी और बादल छाए रहेंगे। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच रहने की उम्मीद है।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव को लेकर डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें। उमस और बदलते मौसम की वजह से सर्दी-खांसी, गले में खराश और बुखार जैसे वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को जलभराव वाली सड़कों पर चलने से बचने और मच्छरों से बचाव के लिए जरूरी उपाय करने की सलाह दी गई है।