Delhi-NCR में चिपचिपी गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, IMD ने जताया मानसून के आने का अनुमान
Delhi-NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोग इस समय भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं। तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है और हवा में नमी की वजह से चिपचिपी गर्मी बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अब राहत की खबर
Delhi-NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोग इस समय भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं। तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है और हवा में नमी की वजह से चिपचिपी गर्मी बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अब राहत की खबर दी है और बताया है कि जल्द ही बारिश शुरू होगी जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
IMD के मुताबिक 30 जून से हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ना शुरू हो सकती हैं। 2 जुलाई तक बारिश की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जुलाई तक दिल्ली-NCR पहुंचने की संभावना है। कुछ अनुमानों के अनुसार मानसून 5 जुलाई तक भी आ सकता है। बारिश शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान गिरकर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों यानी 1 और 2 जुलाई को तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, जो कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इसी वजह से बुधवार और गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। गरज-चमक के दौरान बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे न रुकें। निचले इलाकों में पानी भर सकता है और तेज हवाओं से कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए बाहर रखी ढीली चीजों को सुरक्षित कर लें। विभाग ने बताया कि प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के कारण मानसून आने में थोड़ी देरी हुई है।