Delhi, Haryana समेत 4 राज्यों में नए ट्रक और बसों पर मिलेगा 100% रोड टैक्स डिस्काउंट, ‘परिवर्तन’ स्कीम से मिलेगी राहत
Delhi/NCR: दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों और बसों को बदलने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इन चारों राज्यों में अब नए क्लीन फ्यूल वाहन खरीदने पर रोड टैक्स में 100% की छूट
Delhi/NCR: दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों और बसों को बदलने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इन चारों राज्यों में अब नए क्लीन फ्यूल वाहन खरीदने पर रोड टैक्स में 100% की छूट दी जाएगी। सरकार की ‘परिवर्तन’ स्कीम के तहत यह कदम उठाया गया है ताकि सड़कों पर प्रदूषण कम हो और लोग नए जमाने के साफ ईंधन वाले वाहनों को अपनाएं।
इस योजना का मुख्य मकसद पुराने BS-IV या उससे पुराने मॉडलों के भारी वाहनों को हटाकर उनकी जगह BS-VI, इलेक्ट्रिक या CNG वाहनों को लाना है। हरियाणा सरकार ने 24 जून 2026 को इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसके तहत नए वाहनों के रजिस्ट्रेशन की तारीख से 10 साल तक रोड टैक्स नहीं देना होगा। दिल्ली, यूपी और राजस्थान में भी जल्द ही ऐसी ही पॉलिसी लागू होने वाली है।
केंद्र सरकार ने इस पूरे मिशन के लिए 9,585 करोड़ रुपये की ‘Clean Mobility’ स्कीम को मंजूरी दी है। इसमें सिर्फ टैक्स छूट ही नहीं, बल्कि वाहन मालिकों के लिए कई अन्य फायदे भी जोड़े गए हैं ताकि उन पर आर्थिक बोझ न पड़े।
| सुविधा/फायदा | विवरण |
|---|---|
| रोड टैक्स छूट | 100% छूट (हरियाणा में 10 साल के लिए लागू) |
| लोन पर राहत | 5 साल के लिए ब्याज दर में 5% की कमी |
| सीधा डिस्काउंट | गाड़ी की एक्स-शोरूम कीमत पर 8% की छूट |
| फ्यूल वाउचर | कैटेगरी के हिसाब से 4,800 रुपये तक का मंथली वाउचर |
| पुराने टैक्स की माफी | हरियाणा में BS-IV या पुराने वाहनों के 1 साल से ज्यादा पुराने टैक्स बकाया माफ |
इस स्कीम का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। अगर आपके पास BS-III या उससे पुराना वाहन है, तो उसे रजिस्टर्ड स्क्रैपेज सेंटर पर कबाड़ करना जरूरी होगा। वहीं BS-IV वाहन मालिकों के पास विकल्प है कि वे इसे स्क्रैप करें या NCR क्षेत्र से बाहर बेच दें। सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना से NCR के करीब 1.9 लाख ट्रक और 16,000 बस मालिक फायदा उठा सकें।
इसके साथ ही, सरकार एक ‘Green Charge’ लागू करने पर भी विचार कर रही है। अक्टूबर-नवंबर के आसपास पुराने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर यह चार्ज लगाया जा सकता है, जो वेस्टर्न और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के अंदर आने वाले मुख्य NCR इलाकों में प्रवेश करते समय वसूला जाएगा।