Delhi-NCR में भारी बारिश और जलभराव से लिवर का खतरा, डॉक्टरों ने जारी की चेतावनी
Delhi: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश और सड़कों पर जमा गंदे पानी ने लोगों की सेहत के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जलभराव के कारण लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। भारतीय मौसम
Delhi: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश और सड़कों पर जमा गंदे पानी ने लोगों की सेहत के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जलभराव के कारण लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जुलाई, 2026 को दिल्ली-एनसीआर के लिए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई है।
लिवर ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (LTSI) के अध्यक्ष डॉ. संजीव सैगल के मुताबिक, पिछले महीने के मुकाबले हेपेटाइटिस ए और ई के मामलों में 30 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। मानसून के दौरान गंदा पानी और दूषित भोजन इन बीमारियों का मुख्य कारण बनते हैं, जो सीधे लिवर पर असर डालते हैं। इसके अलावा, जलभराव वाले इलाकों में लेप्टोस्पायरोसिस, टाइफाइड, हैजा और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी बीमारियां भी फैलने का डर है। लेप्टोस्पायरोसिस चूहों के मूत्र से दूषित पानी के संपर्क में आने से होता है, जो समय पर इलाज न मिलने पर गुर्दे, लिवर और फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 8 जुलाई की सुबह से 9 जुलाई की सुबह तक अलग-अलग इलाकों में 6 मिमी से 83 मिमी तक बारिश हुई है। सफदरजंग मौसम स्टेशन पर 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश की वजह से विकास मार्ग, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका जैसे इलाकों में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि जलभराव वाले रास्तों पर चलने वाले लोग सावधान रहें, खासकर जिन्हें शरीर पर कोई घाव हो, क्योंकि इससे स्किन और सॉफ्ट टिश्यू इंफेक्शन का खतरा रहता है। दूषित पानी पीने से उल्टी, दस्त और पेट दर्द हो सकता है, जो बच्चों और बुजुर्गों के लिए ज्यादा खतरनाक है। बचाव के लिए साफ और फिल्टर पानी पिएं, हाथों की सफाई रखें और खुले में बिकने वाले खाने से बचें। अगर बुखार, मांसपेशियों में दर्द, आंखों का पीलापन या उल्टी-दस्त जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।