Delhi-NCR में भारी बारिश का कहर, IMD ने जारी किया Yellow Alert, अगले 5 दिनों तक बरसेंगे बादल
Delhi-NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह हुई जोरदार बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं सड़कों पर पानी भरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने 8 और 9
Delhi-NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार सुबह हुई जोरदार बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं सड़कों पर पानी भरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने 8 और 9 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होगी। 8 और 9 जुलाई को 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। हालांकि, 10 और 11 जुलाई को अलर्ट का स्तर घटाकर ‘ग्रीन’ कर दिया जाएगा, लेकिन इन दिनों भी बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय हल्की बारिश या बिजली कड़कने की संभावना बनी रहेगी।
बारिश का सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम और नोएडा जैसे इलाकों में देखने को मिला है। गुरुग्राम में भारी बारिश की वजह से कई मुख्य सड़कें और हाईवे जलमग्न हो गए, जिससे ट्रैफिक में भारी जाम लग गया। हालात को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कंपनियों से अपील की है कि वे कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (Work from Home) की सुविधा दें ताकि सड़कों पर भीड़ कम हो और लोग सुरक्षित रहें।
दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश जैसे इलाकों में बारिश के दौरान पेड़ गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। खराब मौसम की वजह से हवाई अड्डों पर भी फ्लाइट्स के संचालन में दिक्कत आई, जिसके बाद एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
IMD ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि तूफान और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें। साथ ही, अनावश्यक यात्रा से बचने और ट्रैफिक की स्थिति देखकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है। अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में पूरे देश को कवर कर लेगा।