Delhi-NCR समेत उत्तर भारत में मॉनसून की एंट्री में देरी, 1 जुलाई के बाद मिलेगी राहत; IMD का अपडेट
Delhi-NCR: दिल्ली और उत्तर भारत के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए अब थोड़ा और इंतजार करना होगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपने तय समय से देरी से आ रहा है। आमतौर
Delhi-NCR: दिल्ली और उत्तर भारत के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए अब थोड़ा और इंतजार करना होगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपने तय समय से देरी से आ रहा है। आमतौर पर 27 जून तक मॉनसून के पहुंचने की उम्मीद होती है, लेकिन अब इसके 1 जुलाई के बाद दस्तक देने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 26 जून तक मॉनसून की रेखा सूरत, इंदौर, मंडला, डालटनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही थी। अगले कुछ दिनों में मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल रहेंगे।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में 25 जून से 1 जुलाई के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में 26 जून और फिर 29 जून से 1 जुलाई के बीच बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 से 29 जून तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए भी जून के आखिरी हफ्ते में बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं।
दिल्ली की बात करें तो यहां अभी उमस भरी गर्मी बनी हुई है और अधिकतम तापमान 39°C से 41°C के बीच रह सकता है। 27 जून को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD ने 27 जून को दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत 16 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।