Delhi-NCR में मानसून की रफ्तार हुई धीमी, अब जुलाई के पहले हफ्ते में होगी एंट्री; IMD ने जारी किया Yellow Alert
Delhi: राजधानी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मानसून का इंतजार है, लेकिन अब इसमें कुछ और दिनों की देरी हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में मानसून अब जुलाई के पहले सप्ताह
Delhi: राजधानी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मानसून का इंतजार है, लेकिन अब इसमें कुछ और दिनों की देरी हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में मानसून अब जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंच सकता है। पहले उम्मीद थी कि 27 जून तक बारिश शुरू हो जाएगी, लेकिन अब यह समय आगे बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन मानसून की आधिकारिक एंट्री में अभी समय है। आंकड़ों की बात करें तो पिछले 25 सालों में 12 बार ऐसा हुआ है जब दिल्ली में मानसून जून के बजाय जुलाई में आया है।
IMD के अनुसार, 26 और 27 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। वहीं 28 जून को तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र न बनने और सोमालिया जेट स्ट्रीम हवाओं के कमजोर होने की वजह से मानसून की रफ्तार धीमी हुई है। साथ ही, अल-नीनो के सक्रिय होने से जुलाई से सितंबर के बीच बारिश पर असर पड़ सकता है।
राहत की बात यह है कि दिल्ली की हवा में सुधार हुआ है और 25 जून की सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 127 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि दिल्ली में देरी है, लेकिन IMD ने 27 से 29 जून तक पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी तट और सिक्किम जैसे इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।