Delhi-NCR में भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम, IMD ने जारी किया Red Alert

Delhi: दिल्ली-NCR में मंगलवार को हुई जोरदार बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन शहर की रफ्तार रोक दी। भारी बारिश की वजह से कनॉट प्लेस, ITO और NH-8 जैसे मुख्य इलाकों में पानी भर गया, जिससे लंबा ट्रैफिक

Delhi: दिल्ली-NCR में मंगलवार को हुई जोरदार बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन शहर की रफ्तार रोक दी। भारी बारिश की वजह से कनॉट प्लेस, ITO और NH-8 जैसे मुख्य इलाकों में पानी भर गया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ओडिशा के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र ने नमी वाली हवाओं को ऊपर की तरफ धकेला है। इसी वजह से इस बार सामान्य बारिश के मुकाबले ज्यादा तेज पानी बरसा है। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामनी ने बताया कि प्रगति मैदान में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। वहीं सफदरजंग में 32.4 मिमी और रिज इलाके में 37.6 मिमी बारिश हुई है।

IMD ने लोगों को सलाह दी है कि वे बिना वजह बाहर न निकलें और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। बिजली के खंभों, कमजोर इमारतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है, जिसके कारण IndiGo और Akasa Air ने फ्लाइट्स में देरी की संभावना को लेकर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

आने वाले दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है। गुरुग्राम में बुधवार तक ऑरेंज अलर्ट है और वहां 100 मिमी से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद है। पंजाब और हरियाणा में अगले दो दिनों तक बहुत भारी बारिश (12 सेमी से अधिक) हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मानसून सामान्य से ज्यादा सक्रिय रहेगा, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।