Delhi-NCR में भारी बारिश का कहर, गाजियाबाद और दिल्ली में 2 बच्चों समेत कई लोगों की मौत
Ghaziabad/Delhi: दिल्ली और गाजियाबाद में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जलभराव की वजह से एक 3 साल की बच्ची और 7 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। बारिश का असर इतना ज्यादा था कि सड़कों पर तालाब बन गए और कई इलाकों में
Ghaziabad/Delhi: दिल्ली और गाजियाबाद में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जलभराव की वजह से एक 3 साल की बच्ची और 7 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। बारिश का असर इतना ज्यादा था कि सड़कों पर तालाब बन गए और कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
गाजियाबाद के विजय नगर इलाके के सर्वोदय नगर में 3 साल की बच्ची मानवी जलभराव वाली गली में डूब गई। बच्ची के लापता होने के करीब 10 मिनट बाद ही उसका शव बरामद कर लिया गया। वहीं दिल्ली के बाहरी इलाके बादली में 7 साल का रेहान नाम का बच्चा पेशाब करने बाहर गया था, जहां वह एक खाली प्लॉट में भरे पानी में डूब गया। इन घटनाओं के अलावा गाजियाबाद में एक सिक्योरिटी गार्ड की करंट लगने से मौत हो गई और लोनी इलाके में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला।
बारिश की वजह से गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर 13 में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां निर्माणाधीन बेसमेंट के पास सड़क धंस गई। इस गड्ढे में एक कार, एक स्कूटर और बिजली का खंभा गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं गाजियाबाद में पिछले 24 घंटों में 195.5mm बारिश दर्ज की गई, जबकि हिंडन और कमला नेहरू नगर में भी भारी बारिश हुई।
जलभराव और प्रशासन की लापरवाही से नाराज लोगों ने NH-9 पर प्रदर्शन भी किया। गाजियाबाद जिला प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए सरकारी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। दिल्ली के मुख्यमंत्री और PWD मंत्री ने शहर के उन इलाकों का दौरा किया जहां सबसे ज्यादा पानी भरा था।
IMD ने दिल्ली-NCR के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है और आने वाले समय में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई है। गाजियाबाद की ACP विजयनगर उपासना पांडे ने बताया कि पुलिस डूबने वाली जगहों का निरीक्षण करेगी और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। गाजीपुर बॉर्डर और नेशनल हाईवे-9 पर भारी जलभराव की वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही और कई लोगों को अपने डूबे हुए वाहन धक्का मारकर निकालने पड़े।