Delhi-NCR और गुरुग्राम में भारी बारिश से बुरा हाल, कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम, IMD ने जारी किया Yellow Alert

Delhi/Gurugram: दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में 7 और 8 जुलाई को हुई मानसून की पहली बड़ी बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया है और कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है

Delhi/Gurugram: दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में 7 और 8 जुलाई को हुई मानसून की पहली बड़ी बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारी बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया है और कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। बारिश के कारण दिल्ली में कई पेड़ गिर गए हैं, जिससे गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है और यातायात प्रभावित हुआ है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक बारिश जारी रह सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की उम्मीद है।

गुरुग्राम में हालात ज्यादा खराब रहे, जहां हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, सोहना रोड और सेक्टर-15 जैसे इलाकों में भारी जलभराव देखा गया। एनएच-48 पर भी पानी भरने से गाड़ियां रेंगती नजर आईं और एक जगह सड़क धंसने की खबर भी आई। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कर्मचारियों को सुरक्षा के मद्देनजर ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की सलाह दी है ताकि सड़कों पर भीड़ कम हो सके।

दिल्ली के पूर्वी कैलाश, ग्रीन पार्क और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने की घटनाएं हुईं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़कों को साफ करने और ट्रैफिक को दोबारा शुरू करने के लिए अपने कर्मचारी तैनात किए हैं।

जलभराव की समस्या से निपटने के लिए गुरुग्राम नगर निगम (MCG) और GMDA प्रयास कर रहे हैं। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी गलियों के जल निकासी रास्तों (गली ट्रैप) को साफ रखें और इनमें प्लास्टिक या कचरा न डालें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि कूड़ा डालने वालों की जानकारी तुरंत नगर निगम को दें।

बारिश के सकारात्मक असर की बात करें तो दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 73 दर्ज किया गया है, जो संतोषजनक श्रेणी में है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 7 जुलाई को गुरुग्राम की कादीपुर और हरसरू तहसीलों में 82 मिमी और गुरुग्राम तहसील में 76 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।