Delhi-NCR में बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 18 लाख के पार्ट्स बरामद

Greater Noida: सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह को पकड़ लिया है। पुलिस ने इस ऑपरेशन में गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो काफी समय से लोगों की गाड़ियां चोरी कर र

Greater Noida: सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह को पकड़ लिया है। पुलिस ने इस ऑपरेशन में गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो काफी समय से लोगों की गाड़ियां चोरी कर रहे थे। यह पूरी कार्रवाई गुलिस्तांपुर अंडरपास के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 12 चोरी की मोटरसाइकिलें और भारी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी की गई गाड़ियों में Bullet, Hero Splendor, HF Deluxe और Hero Karizma जैसे मॉडल शामिल हैं, जिनमें से कई गाड़ियों की नंबर प्लेट हटा दी गई थी। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध चाकू भी जब्त किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी सूर्या उर्फ मोहन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के दीपक पाल और लकी चंदेल, हापुड़ के आसिफ और बलिया के अंकित गुप्ता के रूप में हुई है। इनमें आसिफ कबाड़ी का काम करता है, जो चोरी की गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने में मदद करता था। गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

ADCP सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि यह गिरोह पहले सुनसान इलाकों या पार्किंग की रेकी करता था और फिर गाड़ियां चुराता था। कुछ मामलों में वे ऑर्डर पर भी गाड़ियां चोरी करते थे। चोरी के बाद गाड़ियों को छिपाकर रखा जाता था और फिर उनके इंजन, टायर, हैंडल और फ्यूल टैंक जैसे हिस्सों को अलग करके बाजार में बेच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए ज्यादातर आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उन पर पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं।