Delhi के माउंट कैलाश में डॉक्टर ने महिला हेल्पर की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Delhi: दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में एक नामचीन स्किन स्पेशलिस्ट डॉक्टर ने अपनी ही घर की हेल्पर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तब हुई जब डॉक्टर की

Delhi: दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके माउंट कैलाश में एक नामचीन स्किन स्पेशलिस्ट डॉक्टर ने अपनी ही घर की हेल्पर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तब हुई जब डॉक्टर की पत्नी काम पर गई हुई थीं और उनका बेटा घर पर ही था।

पुलिस को गुरुवार, 18 जून 2026 को सुबह 11:36 बजे एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें एक महिला की हत्या की जानकारी दी गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो डॉक्टर मनीष गुप्ता मृतका मीना हलदर के शव के पास ही बैठे मिले। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया किचन चाकू और एक बैट बरामद किया है।

जांच में सामने आया कि 45 वर्षीय मीना हलदर पिछले 10 से 15 सालों से गुप्ता परिवार के साथ काम कर रही थी। डॉक्टर की पत्नी डॉ. टीना गुप्ता, जो खुद एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं, मीना को काम से हटाने के खिलाफ थीं क्योंकि मीना ने उनकी सास की कैंसर के दौरान बहुत सेवा की थी। इसी बात को लेकर डॉक्टर मनीष और उनकी पत्नी के बीच बहस भी हुई थी।

पुलिस पूछताछ में डॉक्टर मनीष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि उन्हें लगता था कि परिवार में उनकी इज्जत हेल्पर से भी कम हो गई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि मीना की वजह से उनके बेटे पर बुरा असर पड़ रहा था और वह घर में नकारात्मक ऊर्जा ला रही थी।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर मनीष गुप्ता ओसीडी (OCD) और डिप्रेशन से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। उन्हें अपने परिवार और खुद को नुकसान पहुंचाने के विचार आते थे और वह मीना को अपनी पारिवारिक समस्याओं की वजह मानते थे। साउथईस्ट डीसीपी हेमंत तिवारी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में काले जादू जैसी बातों का कोई सबूत नहीं मिला है और ये सब महज अफवाहें हैं।

डॉक्टर मनीष गुप्ता को साल 2017 में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की तरफ से ‘डिस्टिंग्विश डॉक्टर अवार्ड’ मिल चुका था और वह अपने चैरिटेबल कामों के लिए जाने जाते थे। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से डॉक्टर के व्यवहार में काफी बदलाव आया था और वह बहुत चुप रहने लगे थे।