Delhi समेत 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 6 से 8 जुलाई के बीच बरसेंगे बादल, IMD ने जारी की चेतावनी

Delhi: राजधानी दिल्ली में इस बार मॉनसून अपनी तय तारीख से पांच दिन की देरी से पहुंचा है। 2 जुलाई 2026 को मॉनसून की दस्तक हुई, जो 2021 के बाद सबसे ज्यादा देरी है। हालांकि, अब अगले कुछ दिनों में मौसम बदलने वाला है और दिल्ली

Delhi: राजधानी दिल्ली में इस बार मॉनसून अपनी तय तारीख से पांच दिन की देरी से पहुंचा है। 2 जुलाई 2026 को मॉनसून की दस्तक हुई, जो 2021 के बाद सबसे ज्यादा देरी है। हालांकि, अब अगले कुछ दिनों में मौसम बदलने वाला है और दिल्ली के साथ-साथ आसपास के राज्यों में भारी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे पिछले दिनों की कमी पूरी हो सकेगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 4 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 5 जुलाई को दिन भर छिटपुट आंधी और रात में भारी गरज के साथ मध्यम बारिश होने का अनुमान है। सबसे ज्यादा असर 6 से 8 जुलाई के बीच देखने को मिलेगा, जब दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी। अगले पूरे हफ्ते अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मॉनसून आने के बाद भी भारी बारिश न होने के पीछे तीन मुख्य कारण रहे। पहला, मॉनसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य जगह से दक्षिण की ओर खिसक गई थी। दूसरा, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र कमजोर रहा, जिससे हवाएं दिल्ली की तरफ मजबूती से नहीं आ पाईं। तीसरा कारण ‘ब्रेक मॉनसून’ की स्थिति थी, जिसमें उमस तो बढ़ी लेकिन बारिश के लिए जरूरी सपोर्ट नहीं मिला।

आंकड़ों की बात करें तो 1 जून से 3 जुलाई के बीच दिल्ली में औसत से 49% कम बारिश हुई है। इस दौरान सामान्य तौर पर 75.1 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 38.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूरे देश में भी इस अवधि में औसत से 31% कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।

IMD ने 3 और 4 जुलाई के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।