Delhi में बच्ची दुष्कर्म और हत्या का आरोपी कैब ड्राइवर फिर पुलिस हिरासत में, कोर्ट ने बढ़ाया समय

Delhi: दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में एक 11 साल की बच्ची के अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी कैब ड्राइवर की पुलिस हिरासत दो दिन और बढ़ा दी है। पुलिस अब इस जघन्य अपराध की गहराई से जांच कर रही है

Delhi: दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में एक 11 साल की बच्ची के अपहरण, यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी कैब ड्राइवर की पुलिस हिरासत दो दिन और बढ़ा दी है। पुलिस अब इस जघन्य अपराध की गहराई से जांच कर रही है ताकि सभी सबूत जुटाए जा सकें।

यह घटना 22 जून 2026 की सुबह हुई थी जब बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। आरोपी ने उसे वहां से अगवा किया और उसके साथ दरिंदगी की, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची का शव गुरुग्राम-फरीदाबाद बॉर्डर के पास मिला था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए CCTV फुटेज, GPS और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी को घटना के छह घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया था।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 29 वर्षीय बशू कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। वह 2023 से दिल्ली-एनसीआर में कैब ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। जांच के दौरान जब पुलिस उसे क्राइम सीन पर ले गई, तो उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।

आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मेडिकल जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी शारीरिक अक्षमता (erectile dysfunction) से जूझ रहा था, जिसकी वजह से वह दुष्कर्म पूरा नहीं कर पाया और फिर उसने बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और बिहार में उस पर हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं।

दिल्ली पुलिस अब इस मामले में बड़ी कैब एग्रीगेटर कंपनियों को नोटिस भेजने की तैयारी में है। पुलिस यह पता लगाएगी कि आरोपी की जॉइनिंग और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया सही तरीके से की गई थी या नहीं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि पीड़ित परिवार भी बिहार का ही रहने वाला था, जो तंगी के कारण दिल्ली के फुटपाथ पर रह रहा था।