Delhi में अब बिना रुके कटेगा टोल, MCD लागू करेगी RFID सिस्टम; चोरी करने वालों पर लगेगा 5 गुना जुर्माना
Delhi: दिल्ली के बॉर्डर पर लगने वाले लंबे जाम से अब लोगों को राहत मिलने वाली है। नगर निगम (MCD) शहर के सभी 156 टोल नाकों पर बैरियर-फ्री मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था से गाड़ियों को टोल प्
Delhi: दिल्ली के बॉर्डर पर लगने वाले लंबे जाम से अब लोगों को राहत मिलने वाली है। नगर निगम (MCD) शहर के सभी 156 टोल नाकों पर बैरियर-फ्री मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था से गाड़ियों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे समय बचेगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
इस सिस्टम में RFID और ANPR जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होगा। इसमें AI, LIDAR और RADAR सेंसर लगे होंगे जो गाड़ियों को पहचान कर अपने आप टोल काट लेंगे। निगम आयुक्त संजीव खिरवार द्वारा तैयार इस प्रस्ताव को मेयर प्रवेश वाही की अध्यक्षता वाली बैठक में मंजूरी मिल गई है। यह पूरा सिस्टम अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह चालू होने की उम्मीद है।
टोल चोरी करने वालों के लिए अब नियम बहुत सख्त कर दिए गए हैं। अगर कोई व्यक्ति टोल नहीं भरता है, तो उसे बकाया राशि का 5 गुना तक जुर्माना देना होगा, जबकि पहले यह अधिकतम 500 रुपये था। टोल चोरी में गलत नंबर प्लेट का इस्तेमाल करना या ब्लैकलिस्टेड Fastag का उपयोग करना भी शामिल होगा।
नियमों के मुताबिक, अगर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में गाड़ी दर्ज होने के बाद भुगतान नहीं होता है, तो मालिक को 72 घंटे के भीतर डिजिटल नोटिस भेजा जाएगा। तय समय में पैसा न देने पर गाड़ी को जब्त कर उसकी नीलामी भी की जा सकती है। लगातार नियम तोड़ने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
MCD ने व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल दरों का भी निर्धारण किया है:
| वाहन की श्रेणी | अधिकतम टोल दर (प्रति प्रवेश) |
|---|---|
| छह-पहिया (दो एक्सल) ट्रक | 400 रुपये |
| दस-पहिया (तीन एक्सल) ट्रक | 800 रुपये |
| भारी ट्रक (4-6 या 7+ एक्सल) | 2,000 रुपये |
इसके अलावा MCD को अब व्यावसायिक वाहनों की टोल दरों में हर साल 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने का अधिकार होगा, लेकिन इसके लिए सदन की मंजूरी लेनी होगी। यह कदम गाजीपुर, बदरपुर, राजोकरी और गुरुग्राम बॉर्डर जैसे इलाकों में ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए उठाया गया है।