Delhi में पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, मुंबई से पकड़ा गया आरोपी

Delhi: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना घरेलू विवाद और शक के चलते हुई बताई जा रही है। पुलिस के म

Delhi: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना घरेलू विवाद और शक के चलते हुई बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 13 जून 2026 को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कैलाश नगर स्थित चंदरपुरी इलाके में हुई थी। गांधी नगर पुलिस स्टेशन को एक PCR कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 30 साल की रुक्शर नाम की महिला का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना एक चाकू बरामद किया, जिसका इस्तेमाल हत्या के लिए किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी पति खालिद नवी का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। खालिद को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। बहस के दौरान उसने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और फील्ड वेरिफिकेशन की मदद से उसका पीछा किया और आखिरकार उसे मुंबई से धर दबोचा।

ईस्टर्न रेंज के जॉइंट सीपी अजीत सिंगला ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।