Delhi के मजलिस पार्क में रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग, DRDO वैज्ञानिक का घर जला खाक

Delhi: पूर्वोत्तर दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में शनिवार रात एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। गनीमत

Delhi: पूर्वोत्तर दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में शनिवार रात एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

पुलिस को शनिवार रात 9:18 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद आदर्श नगर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहीं अग्निशमन विभाग को रात 9:11 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद पांच दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। अधिकारियों के मुताबिक आग पर रात 10:30 बजे तक पूरी तरह काबू पा लिया गया था। स्थिति को संभालने और सुरक्षा के लिहाज से आसपास के घरों से लोगों को बाहर निकालने के लिए 25 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

बचाव कार्य के दौरान इमारत के भीतर एक गैस सिलेंडर फट गया, जिसकी वजह से पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद दो और धमाके हुए, जिनके बारे में पुलिस का संदेह है कि ये एयर कंडीशनर (AC) की बाहरी यूनिट्स फटने की वजह से हुए थे। संकरी गलियों की वजह से दमकल गाड़ियों को इमारत तक पहुंचने में काफी दिक्कतें आईं।

यह आग गली नंबर-10 की एक इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी थी। इस हादसे में DRDO वैज्ञानिक अरि सुदन तिवारी का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वैज्ञानिक का परिवार बिहार में एक शादी में गया हुआ था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल पर भीड़ न लगाएं ताकि राहत कार्य में बाधा न आए। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।