Delhi-Lucknow हाईवे पर लगेंगे ओवरस्पीड कैमरे, 100 की रफ्तार पार करते ही कटेगा ई-चालान
UP/Delhi: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए अब हाईटेक कैमरों का सहारा लिया जाएगा। डासना से हापुड़ के बीच ओवरस्पीड कैमरे लगाए जाएंगे ताकि सड़क हादसों को कम किया जा सके। NHAI मुख्यालय ने इस
UP/Delhi: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए अब हाईटेक कैमरों का सहारा लिया जाएगा। डासना से हापुड़ के बीच ओवरस्पीड कैमरे लगाए जाएंगे ताकि सड़क हादसों को कम किया जा सके। NHAI मुख्यालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और सितंबर या अक्टूबर 2026 तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा।
इन कैमरों के लगने के बाद हाईवे पर गाड़ी चलाने वालों को रफ्तार का खास ध्यान रखना होगा। नियम के मुताबिक अगर हल्के वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटा की तय सीमा से ज्यादा तेज चलेंगे, तो उनका ई-चालान कटेगा। कैमरा गाड़ी की नंबर प्लेट को स्कैन करेगा और सीधे चालक के मोबाइल पर मैसेज के जरिए चालान भेज दिया जाएगा।
इन कैमरों का पूरा कंट्रोल छिजारसी टोल प्लाजा पर होगा। खास बात यह है कि ये कैमरे सिर्फ रफ्तार ही नहीं, बल्कि अन्य नियमों की अनदेखी पर भी नजर रखेंगे। अगर कोई चालक बिना सीट बेल्ट के गाड़ी चला रहा है या मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है, तो उसका भी ऑटोमैटिक चालान कट जाएगा।
NHAI के गाजियाबाद स्थित अधिकारी इस सिस्टम को लगाने की तैयारी कर रहे हैं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस योजना की जानकारी दी गई थी। यह पूरा सिस्टम स्थानीय पुलिस और प्रशासन से जुड़ा होगा, जिससे जरूरत पड़ने पर रिकॉर्डिंग की जांच की जा सकेगी।