Delhi के कूड़े के पहाड़ों को हटाने की तैयारी, दिसंबर 2026 तक लैंडफिल फ्री होगा शहर
Delhi: राजधानी दिल्ली को कूड़े के ढेरों से मुक्ति दिलाने के लिए MCD ने कमर कस ली है। मेयर प्रवेश वाही ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और शहर की सफाई व्यवस्था और लैंडफिल साइट्स को खत्म करने के काम
Delhi: राजधानी दिल्ली को कूड़े के ढेरों से मुक्ति दिलाने के लिए MCD ने कमर कस ली है। मेयर प्रवेश वाही ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और शहर की सफाई व्यवस्था और लैंडफिल साइट्स को खत्म करने के काम की जानकारी दी। सरकार का लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर दिल्ली को जल्द से जल्द लैंडफिल मुक्त बनाया जाए।
मेयर प्रवेश वाही ने बताया कि ओखला, भलस्वा और गाजीपुर की तीन बड़ी लैंडफिल साइट्स को वैज्ञानिक तरीके से साफ किया जा रहा है। ओखला लैंडफिल की बात करें तो कुल 62 एकड़ जमीन में से करीब 30 एकड़ हिस्सा बायोमाइनिंग के जरिए वापस मिल चुका है। यहाँ अब तक लगभग 80 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे को प्रोसेस किया जा चुका है और करीब 15 लाख मीट्रिक टन नए कचरे के निपटारे का काम चल रहा है।
वहीं भलस्वा लैंडफिल साइट पर भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहाँ 70 एकड़ जमीन में से लगभग 25 एकड़ हिस्सा साफ कर लिया गया है। मेयर ने गृह मंत्री को भरोसा दिलाया कि ओखला और भलस्वा दोनों जगहों से पुराने और नए कचरे को दिसंबर 2026 तक पूरी तरह हटा दिया जाएगा। गाजीपुर लैंडफिल पर भी सुधार का काम जारी है।
MCD का कहना है कि इन लैंडफिल साइट्स से जो जमीन खाली होगी, उसका इस्तेमाल जनता के लिए बुनियादी सुविधाओं और सामुदायिक विकास के कामों में किया जाएगा। इससे न केवल शहर की गंदगी कम होगी बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर भी मिल सकेगा।