Delhi में 9वीं के छात्र की बेरहमी से हत्या, दौड़ा-दौड़ाकर सीने में घोंपा चाकू, 2 आरोपी गिरफ्तार

Delhi: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर स्थित कर्दमपुरी इलाके में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मंगलवार रात नौवीं कक्षा के 17 साल के छात्र इंतजार की चाकू और ईंट से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना

Delhi: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर स्थित कर्दमपुरी इलाके में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मंगलवार रात नौवीं कक्षा के 17 साल के छात्र इंतजार की चाकू और ईंट से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना गली नंबर-4 में हुई, जहाँ हमलावरों ने छात्र को दौड़ा-दौड़ाकर मारा और अंत में उसकी छाती में चाकू घोंप दिया।

मृतक इंतजार कर्दमपुरी की गली नंबर-6 का रहने वाला था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता बाबू अली और परिवार के अन्य सदस्य इस घटना से गहरे सदमे में हैं। जानकारी के मुताबिक, रेहान नाम के एक लड़के ने इंतजार को घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद पुलिया के पास आरोपियों ने पहले उस पर ईंट से हमला किया और जब वह अपनी जान बचाने के लिए भागा, तो उसे पकड़कर चाकू से वार किए गए।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलवाल ने इस घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने ज्योति नगर थाने में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमों ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान न्यू कर्दमपुरी निवासी अरमान (18) और शनि बाजार निवासी अलफैज (18) के रूप में हुई है। पुलिस अब तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है जो फिलहाल फरार है।

शुरुआती जांच में इस हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। परिवार का कहना है कि आरोपियों को शक था कि इंतजार का हाथ उनके एक दोस्त की हत्या में था, जो करीब चार महीने पहले हुई थी। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।