Delhi के जसोला में दीवार गिरने से मजदूर की मौत, ठेकेदार गिरफ्तार

Delhi: दक्षिण दिल्ली के जसोला विहार में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पुराने मकान की दीवार तोड़ने के दौरान अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक 24 साल के मजदूर की जान चली गई। इस हादसे में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घाय

Delhi: दक्षिण दिल्ली के जसोला विहार में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पुराने मकान की दीवार तोड़ने के दौरान अचानक गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक 24 साल के मजदूर की जान चली गई। इस हादसे में दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

यह घटना शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:27 बजे की है। जसोला विहार के पॉकेट-1 स्थित प्लॉट नंबर-149 पर दीवार गिराने का काम चल रहा था। मलबे में कुल चार मजदूर दब गए थे। इनमें से विजय नाम के मजदूर की मौत हो गई, जबकि नन्नू शर्मा और चंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हुए। एक अन्य मजदूर को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ठेकेदार शमशुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मकान मालिक खुर्शीद की तलाश की जा रही है और पुलिस उनसे पूछताछ करने की कोशिश कर रही है। सरिता विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। बदरपुर के एसडीएम ने पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि काम के दौरान सुरक्षा के नियमों की अनदेखी की गई और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।