Delhi में CJP प्रदर्शन के बीच डिलीवरी बॉय से पिज्जा लूटा, पुलिस ने जंतर-मंतर पर फूड डिलीवरी सेवाओं पर लगाया बैन

Delhi: राजधानी के जंतर-मंतर इलाके में CJP और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई है। टॉलस्टॉय चौराहे के पास भीड़ ने डिलीवरी बॉय को घेर लिया और उसकी बाइक से पिज्जा लूट

Delhi: राजधानी के जंतर-मंतर इलाके में CJP और छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई है। टॉलस्टॉय चौराहे के पास भीड़ ने डिलीवरी बॉय को घेर लिया और उसकी बाइक से पिज्जा लूट लिए। इस धक्का-मुक्की में डिलीवरी बॉय के हाथ में चोट भी आई है, हालांकि पुलिस के मुताबिक अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने धारा 163 (पहले की धारा 144) का हवाला देते हुए जंतर-मंतर के आसपास ऐप-आधारित फूड डिलीवरी और मोबिलिटी सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस ने कंपनियों को सलाह दी है कि वे इस इलाके में अस्थायी जियो-फेंसिंग करें या अपनी सेवाएं निलंबित रखें।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि प्रदर्शनकारियों के लिए खाना ले जा रहे डिलीवरी बॉयज को हिरासत में लिया गया। साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि यह दावा झूठा और भ्रामक है। उन्होंने बताया कि नियमित जांच के दौरान वाहनों को रोका गया था, लेकिन ड्राइवर अपने सामान के साथ मौके से चला गया। पुलिस को यह जानकारी नहीं थी कि वह खाना प्रदर्शनकारियों के लिए था।

बता दें कि CJP नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। इस विरोध प्रदर्शन के समर्थन में मुंबई, केरल और हैदराबाद समेत विदेशों से भी प्रदर्शनकारियों के लिए ऑनलाइन फूड, चाय और दवाइयां भेजी जा रही थीं। अब कुछ प्रदर्शनकारियों ने खुद अपील की है कि पर्याप्त स्टॉक होने के कारण और भोजन न भेजा जाए।