Delhi: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के नाम पर लोगों को ठगने का खेल चल रहा है। जालसाज लोगों को फोन, एसएमएस और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर डरा रहे हैं कि अगर उन्होंने तुरंत बिल का भुगतान नहीं किया तो उनका पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा
Delhi: दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के नाम पर लोगों को ठगने का खेल चल रहा है। जालसाज लोगों को फोन, एसएमएस और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर डरा रहे हैं कि अगर उन्होंने तुरंत बिल का भुगतान नहीं किया तो उनका पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। जल बोर्ड ने ऐसी किसी भी धमकी को फर्जी बताते हुए लोगों से सावधान रहने को कहा है।
कैसे पहचानें फर्जी कॉल और मैसेज
धोखाधड़ी करने वाले लोग अक्सर DJB अधिकारियों का नाम लेकर दबाव बनाते हैं। वे आपसे तुरंत ऑनलाइन पेमेंट करने को कहते हैं या आपकी निजी जानकारी मांगते हैं। जल बोर्ड ने साफ किया है कि वह इस तरह से किसी से पैसे नहीं मांगता। आधिकारिक मैसेज केवल CP-DELJAL आईडी से ही आते हैं।
सुरक्षित रहने के लिए क्या करें
- किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंक डिटेल साझा करें।
- बिल का भुगतान केवल आधिकारिक वेबसाइट https://djb.gov.in या ZRO ऑफिस जाकर ही करें।
- किसी भी संदेश की जांच के लिए हेल्पलाइन नंबर 1916 पर कॉल करें।
- धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें या www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।
ठगी का तरीका और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि अपराधी DJB ऐप की कुछ सुविधाओं का इस्तेमाल कर ग्राहकों की लिस्ट निकाल लेते हैं। इसके बाद वे छोटे भुगतान के नाम पर लोगों को लालच देते हैं और फिर उनके बैंक खातों से बड़ी रकम उड़ा लेते हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तीन जालसाजों को गिरफ्तार भी किया है।