Delhi में ISI जासूसी नेटवर्क मामले में वायरल लिस्ट निकली फर्जी, पुलिस ने कई आरोपियों को किया गिरफ्तार
Delhi: राजधानी दिल्ली में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े जासूसी नेटवर्क को लेकर सोशल मीडिया पर एक लिस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस लिस्ट में दावा किया गया था कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मुस्लिम हैं, लेकिन जांच
Delhi: राजधानी दिल्ली में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े जासूसी नेटवर्क को लेकर सोशल मीडिया पर एक लिस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस लिस्ट में दावा किया गया था कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मुस्लिम हैं, लेकिन जांच में यह बात पूरी तरह गलत पाई गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और आधिकारिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नेटवर्क में शामिल कई लोग हिंदू भी हैं।
16 जून को एक रिपोर्ट आने के बाद सोशल मीडिया पर सात लोगों की एक लिस्ट शेयर की गई थी। ऑल्ट न्यूज़ ने दिल्ली पुलिस की प्रेस रिलीज और NDTV, द हिंदू जैसे बड़े मीडिया हाउस की खबरों का विश्लेषण किया, जिसमें पाया गया कि गिरफ्तार लोगों में कम से कम पांच हिंदू हैं। वायरल लिस्ट में दानिश, खालिद और जुनैद जैसे नाम थे, जिनका पुलिस की आधिकारिक लिस्ट में कोई जिक्र नहीं है। असल में गिरफ्तार किए गए सात लोगों की पहचान अनस उर्फ अनस त्यागी, मोहित उर्फ योगी, दीपक उर्फ दीपक एग्रोला, आरिफ उर्फ प्रधान, करणवीर सिंह, जतन और साबिर के रूप में हुई थी। इसके बाद एक और ऑपरेशन में सोहेल, सोनू मीणा, सचिन कुमार मीणा, मो. कैफ और मो. रिहान को भी पकड़ा गया।
इसी बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 1 और 2 जुलाई को एक और बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ISI समर्थित आतंकी और हथियार नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें शुभदीप सिंह उर्फ विशाल, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, साजन सिंह उर्फ हनी और गगनप्रीत शामिल हैं। इनमें से तीन गिरफ्तारियां पंजाब से और एक दिल्ली से की गई। पुलिस ने इनके पास से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि ये लोग पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शाहज़ाद भट्टी के संपर्क में थे। आरोप है कि ये लोग विदेशी नंबरों के जरिए ड्रोन से हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप मंगवाते थे। गगनप्रीत पर दिल्ली के पुलिस थानों, चौकियों और धार्मिक स्थलों की रेकी करने और उनकी वीडियो पाकिस्तान भेजने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, यह पूरा गिरोह दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था।