Delhi के अस्पताल में बच्चों की तस्करी का बड़ा खुलासा, डॉक्टर समेत 13 गिरफ्तार, 5 मासूम बचाए गए
Delhi: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के बेगमपुर इलाके में चल रहे एक अस्पताल में बच्चों की तस्करी का बड़ा खेल चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने एक सजग नागरिक की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
Delhi: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के बेगमपुर इलाके में चल रहे एक अस्पताल में बच्चों की तस्करी का बड़ा खेल चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने एक सजग नागरिक की सूचना पर कार्रवाई करते हुए इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने 5 नवजात बच्चों को बचाया और अस्पताल के मालिक डॉक्टर विवेकी कपूर समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक यह पूरा गिरोह पिछले करीब डेढ़ से तीन साल से सक्रिय था। यह लोग राजस्थान और गुजरात के दूरदराज इलाकों के गरीब और आदिवासी परिवारों से बच्चों को खरीदते थे। इन बच्चों को दिल्ली के हीरा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल (Heera Multi Speciality Hospital) में रखा जाता था। यहाँ डॉक्टर विवेकी कपूर और उनके साथी फर्जी मेडिकल कागजात, डिलीवरी रिकॉर्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार करते थे ताकि खरीदार दंपत्तियों को यह यकीन दिलाया जा सके कि बच्चा उन्हीं का है।
डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह गिरोह लड़कियों को करीब 1 लाख रुपये और लड़कों को 2 लाख रुपये में खरीदता था। इसके बाद उन्हें 3 से 8 लाख रुपये तक में बेचा जाता था। कुछ मामलों में यह कीमत 9 लाख रुपये तक भी पहुँच जाती थी। पुलिस ने इस मामले में एक जाल बिछाकर पहाड़गंज के आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास से शुरुआती संदिग्धों को पकड़ा और उनके पास से 3 लाख रुपये से ज्यादा कैश बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में मास्टरमाइंड सायबाभाई घमर उर्फ कालिया शामिल है, जो राजस्थान के उदयपुर से बच्चों की सप्लाई करता था। साथ ही अस्पताल से जुड़ी लैब टेक्नीशियन प्रतिभा, ड्राइवर विपिन और बच्चों को खरीदने वाले तीन दंपत्तियों को भी पकड़ा गया है। पुलिस को शक है कि इस गिरोह ने अब तक करीब 30 बच्चों की तस्करी की है।
बचाए गए पांचों बच्चों, जिनमें चार आदिवासी बच्चे हैं, को फिलहाल चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की देखरेख में रखा गया है। पुलिस अब दिल्ली मेडिकल काउंसिल को पत्र लिखकर अस्पताल की अनियमितताओं की शिकायत करेगी। यह पूरा मामला दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों तक फैला हुआ था।