Delhi में हिट एंड रन हादसे में कश्मीरी पंडित परिवार का इकलौता बेटा मौत, माता-पिता ने मांगी न्याय की गुहार

Delhi: दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक कश्मीरी पंडित परिवार ने अपने इकलौते बेटे सार्थक मट्टू को खो दिया। यह परिवार पहले ही 40 साल पहले अपना घर गंवा चुका था और अब उनके इकलौते स

Delhi: दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक कश्मीरी पंडित परिवार ने अपने इकलौते बेटे सार्थक मट्टू को खो दिया। यह परिवार पहले ही 40 साल पहले अपना घर गंवा चुका था और अब उनके इकलौते सहारे की मौत ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है। परिवार अब इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहा है।

यह घटना 25 जून को सुबह करीब 6:30 बजे राजोकरी फ्लाईओवर के पास हुई थी। एफआईआर के मुताबिक, सार्थक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे तभी पीछे से एक महिंद्रा थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि सार्थक अपनी मोटरसाइकिल के साथ फ्लाईओवर से नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने 27 जून को आरोपी ड्राइवर अपूर्व सिंह को गिरफ्तार किया, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला है, लेकिन कुछ समय बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

सार्थक मट्टू 34 साल के थे और काफी पढ़े-लिखे थे। उन्होंने सिम्बायोसिस स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से ग्रेजुएशन किया था और लंदन की रोहैम्पटन यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री ली थी। उनकी मां अनुराधा मट्टू ने बताया कि उन्हें सड़क हादसों का डर था, इसलिए उन्होंने सार्थक से लंदन में पढ़ाई पूरी करने के बाद भारत वापस न आने की विनती की थी, लेकिन बेटा वापस आ गया।

सार्थक के पिता सुरेंद्र मट्टू ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपना दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि पहले घर गया और अब बेटे को भी खो दिया, फिर भी दोषियों को सजा नहीं मिल रही है। पीड़ित परिवार ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस मामले में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की अपील की है।