Delhi में भारी बारिश से बुरा हाल, खजूरी खास पुलिस स्टेशन और कई स्कूल डूबे; IMD ने जारी किया अलर्ट
Delhi: राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने आम लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। बुधवार रात और गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक जाम और कामकाज में भारी दिक्
Delhi: राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने आम लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। बुधवार रात और गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक जाम और कामकाज में भारी दिक्कत आई। इस बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी है, जिससे कई निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं।
सबसे खराब स्थिति खजूरी खास पुलिस स्टेशन की रही, जहाँ सीवेज मिले गंदे पानी के भरने से स्टेशन तक पहुँचना मुश्किल हो गया। इसके अलावा बदरपुर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कई स्कूलों में भी पानी भर गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई और क्लास बाधित हुई। बदरपुर के एक सरकारी बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जलभराव की गंभीर समस्या देखी गई। प्रशासन ने नेशनल हाईवे-24 समेत कई इलाकों से पानी निकालने के लिए पंप लगाए, लेकिन कई जगहों पर पानी काफी देर तक जमा रहा।
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। 9 जुलाई को दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन पर 24 घंटे में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बारिश की वजह से जहाँ एक तरफ हवा की क्वालिटी सुधरी और साल का सबसे साफ दिन रहा, वहीं कुछ दुखद हादसे भी हुए। संजय कॉलोनी में एक 7 साल का बच्चा जलभराव वाले प्लॉट में डूब गया और नोएडा में एक व्यक्ति नाले में गिरने से उसकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति का जायजा लिया और PWD, दिल्ली जल बोर्ड और MCD को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। PWD मंत्री परवेश साहिब सिंह ने कहा कि पिछले सालों के मुकाबले मुख्य सड़कों की स्थिति नियंत्रण में है। ट्रैफिक पुलिस ने गाजीपुर और अक्षरधाम के पास NH-24 पर भारी जलभराव के कारण रूट डायवर्ट किए। IMD के अनुसार, 15 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी, लेकिन उसके बाद मानसून ट्रफ के वापस आने से फिर से बारिश बढ़ सकती है।