Delhi में शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन का नाम बदला, अब कहलाएगा इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम
Delhi: दिल्ली सरकार ने पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब ‘शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन’ का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम’ (IVPN) कर द
Delhi: दिल्ली सरकार ने पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब ‘शाहजहानाबाद रीडेवलपमेंट कॉर्पोरेशन’ का नाम बदलकर ‘इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम’ (IVPN) कर दिया गया है। यह बदलाव दिल्ली की उस प्राचीन पहचान को वापस लाने की कोशिश है जो शाहजहानाबाद से भी पुरानी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई निगम की वार्षिक आम बैठक (AGM) में यह निर्णय 9 जुलाई, 2026 को लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम का मकसद पुरानी दिल्ली की सांस्कृतिक और वास्तुशिल्प विरासत को फिर से जीवित करना है। सरकार चाहती है कि यहां की ऐतिहासिक पहचान बनी रहे और साथ ही लोगों को आधुनिक नागरिक सुविधाएं भी मिलें। इसके लिए विरासत संरक्षण, बुनियादी ढांचे में सुधार, पर्यटन और कचरा प्रबंधन के लिए एक साझा योजना बनाई जाएगी।
शहरी विकास मंत्री और निगम के उपाध्यक्ष आशीष सूद ने बताया कि इस पुनर्विकास कार्य में इतिहासकारों और विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। यह बदलाव दिल्ली मास्टर प्लान 2041 के तहत द्रौपदी ड्रीम ट्रस्ट के चार साल के शोध और प्रयासों का नतीजा है। इस पूरी प्रक्रिया में नीरा मिश्रा, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू जैसे कई महत्वपूर्ण लोगों का सहयोग रहा है।
बैठक में चांदनी चौक के पुनर्विकास को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने का फैसला हुआ है। चांदनी चौक के डिजाइन को इस तरह तैयार किया जाएगा कि उसका पारंपरिक स्वरूप बना रहे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आधुनिक शौचालय, बेहतर पार्किंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, पर्यटकों की मदद के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
इसके अलावा, ऐतिहासिक टाउन हॉल को फिर से विकसित किया जाएगा और चांदनी चौक की तरफ से नया प्रवेश और निकास द्वार बनाया जाएगा। जामा मस्जिद क्षेत्र, यमुना बाजार स्थित हनुमान मंदिर के आसपास का इलाका और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि इन विकास कार्यों के दौरान स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों के हितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा।