Delhi के गीता कॉलोनी में व्यापारी से 9 लाख लूटने की कोशिश, पुलिस की सतर्कता से खाली हाथ भागे बदमाश

Delhi: पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी से 9 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया। पुलिस की मुस्तैदी की वजह से लुटेरे नाकाम रहे और उन्हें खाली हाथ ही भागना पड़ा। भागते समय बदम

Delhi: पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी से 9 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया। पुलिस की मुस्तैदी की वजह से लुटेरे नाकाम रहे और उन्हें खाली हाथ ही भागना पड़ा। भागते समय बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में तीन राउंड गोलियां भी चलाईं।

जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी नगर से लाहोरी गेट जा रहे 47 वर्षीय व्यापारी शगुन के पास नकदी वाला बैग था। गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर बाइक सवार दो हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और पैसे छीनने की कोशिश की। इसी दौरान पास की पुलिस पिकेट पर तैनात एसएचओ प्रेम कुमार सिंह, एएसआई मुकेश कुमार और दो होम गार्ड की नजर उन पर पड़ी और वे तुरंत मौके की तरफ बढ़े। पुलिस को अपनी ओर आता देख लुटेरे घबरा गए और अपनी बाइक और पिस्तौल वहीं छोड़कर फरार हो गए।

इस पूरी घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और व्यापारी के 9 लाख रुपये सुरक्षित बच गए। दिल्ली पुलिस की कई टीमें अब आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस इस मामले में किसी ‘भेदिए’ यानी अंदरूनी व्यक्ति की तलाश भी कर रही है। व्यापारी ने आशंका जताई है कि हमलावरों को उसके आने-जाने के समय और नकदी की सटीक जानकारी थी। गीता कॉलोनी पुलिस स्टेशन की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को देखा जा रहा है।