Delhi के पहले महिला थाने में दर्ज हुई पहली FIR, 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला
Delhi: दिल्ली के उत्तरी जिले के सब्जी मंडी इलाके में खुले शहर के पहले महिला थाने में पहली FIR दर्ज की गई है। यह मामला एक 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ हुए कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा है। पुलिस ने पीड़िता के पर
Delhi: दिल्ली के उत्तरी जिले के सब्जी मंडी इलाके में खुले शहर के पहले महिला थाने में पहली FIR दर्ज की गई है। यह मामला एक 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ हुए कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा है। पुलिस ने पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
यह थाना 19 जून 2026 को उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू द्वारा शुरू किया गया था। उद्घाटन के दौरान दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा भी मौजूद थे। LG ने कहा था कि महिलाओं की सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है और किसी भी अपराध की खबर तुरंत पुलिस को देनी चाहिए। इस थाने की कमान एसएचओ लक्ष्मी सिंह के हाथों में है और यहाँ 60% महिला कर्मचारी तैनात हैं ताकि पीड़ित महिलाएं बिना किसी डर के अपनी बात कह सकें।
उत्तरी दिल्ली के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि इस मामले की जांच महिला थाने की विशेषज्ञ टीमों को सौंपी गई है ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। आरोपी की पहचान लक्ष्मण के रूप में हुई है, जो पीड़िता का पड़ोसी है। पुलिस की टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पीड़िता की काउंसलिंग कराई जा रही है।
इस विशेष थाने का मकसद महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों की जांच के लिए एक सुरक्षित और संवेदनशील माहौल देना है। यहाँ बच्चों के लिए अलग कमरा बनाया गया है और महिला पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए जिम की व्यवस्था भी की गई है।