Delhi को मिला पहला ऑल-विमेन पुलिस स्टेशन, सब्जी मंडी में होगा संचालन, महिलाओं की शिकायतों का होगा तुरंत निपटारा

Delhi: राजधानी दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू हुई है। सब्जी मंडी इलाके में दिल्ली का पहला समर्पित महिला पुलिस स्टेशन तैयार हो गया है। इस थाने का मुख्य मकसद महिलाओं से जुड़े अपराधों को तेजी से सुलझाना और उन्

Delhi: राजधानी दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू हुई है। सब्जी मंडी इलाके में दिल्ली का पहला समर्पित महिला पुलिस स्टेशन तैयार हो गया है। इस थाने का मुख्य मकसद महिलाओं से जुड़े अपराधों को तेजी से सुलझाना और उन्हें एक ऐसा माहौल देना है जहां वे बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

इस पुलिस स्टेशन की कमान इंस्पेक्टर लक्ष्मी सिंह को सौंपी गई है। उत्तरी दिल्ली के DCP राजा बांठिया ने बताया कि इस पहल का लक्ष्य महिलाओं को एक भरोसेमंद पुलिसिंग माहौल देना है ताकि उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके। यह थाना केवल शिकायतें ही नहीं लेगा, बल्कि बलात्कार, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसे गंभीर मामलों में FIR दर्ज कर उनकी जांच भी करेगा। यह पहले की CAW सेल से ज्यादा शक्तिशाली होगा क्योंकि इसके पास जांच और कार्रवाई के पूरे अधिकार होंगे।

थाने को पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है और इसे दो अलग-अलग इमारतों में बांटा गया है। मुख्य भवन में SHO, ड्यूटी ऑफिसर और जांच अधिकारी बैठेंगे, जबकि दूसरी इमारत में पुलिस स्टाफ के लिए जिम, कैंटीन और बच्चों के लिए प्ले एरिया जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यहां सोशल मीडिया और ऑनलाइन अपराधों से निपटने के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

इस थाने में कुल 58 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें महिला इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा, छापेमारी और फील्ड ऑपरेशन जैसे जरूरी कामों के लिए 30 पुरुष पुलिसकर्मियों की मदद भी ली जाएगी। दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरणजीत सिंह संधू ने 3 जून, 2026 को इसकी स्थापना को अधिसूचित किया था और अब यह संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है।