Delhi में डॉक्टर ने घरेलू सहायिका की हत्या की, आरोपी ने बताया काला जादू और डिप्रेशन की वजह
Delhi: राजधानी के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश की अमर कॉलोनी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक त्वचा रोग विशेषज्ञ (Dermatologist) डॉक्टर मनीष गुप्ता ने अपनी घरेलू सहायिका मीना हलदर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने
Delhi: राजधानी के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश की अमर कॉलोनी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक त्वचा रोग विशेषज्ञ (Dermatologist) डॉक्टर मनीष गुप्ता ने अपनी घरेलू सहायिका मीना हलदर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके बाद इस वारदात के पीछे की चौंकाने वाली वजहें सामने आ रही हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) हेमंत तिवारी के मुताबिक, डॉक्टर मनीष गुप्ता को घटनास्थल से ही पकड़ा गया था। साकेत कोर्ट ने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि डॉक्टर मनीष लंबे समय से डिप्रेशन और ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) का इलाज करा रहे थे और एंटी-डिप्रेसेंट दवाएं ले रहे थे। पुलिस अब उनके मेडिकल दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि मानसिक स्थिति का सही पता चल सके।
वारदात की बात करते हुए आरोपी डॉक्टर ने दावा किया कि मृतका मीना हलदर कथित तौर पर काला जादू करती थी। डॉक्टर का मानना था कि इसकी वजह से उसके परिवार में झगड़े बढ़ रहे थे और उसके बेटे की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा था। पुलिस के मुताबिक, हत्या के लिए क्रिकेट बैट और एक नुकीली गुप्ती या चाकू का इस्तेमाल किया गया।
जांच में यह भी पता चला कि डॉक्टर मनीष मीना को काम से निकालना चाहते थे, लेकिन उनकी पत्नी, जो खुद एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं, इसके खिलाफ थीं। पत्नी का कहना था कि मीना उनकी बीमार सास की बहुत अच्छी देखभाल करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले डॉक्टर का व्यवहार बदल गया था और वह काफी चुप रहने लगे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर मनीष की मानसिक हालत इतनी खराब थी कि उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे को मारने और फिर खुदकुशी करने की योजना भी बनाई थी, लेकिन वे इसे अंजाम नहीं दे पाए। आरोपी ने कई बार खुद को फांसी लगाने की बात कही है, इसलिए पुलिस उन्हें कड़ी निगरानी में रख रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले की पूरी कड़ियाँ जोड़ रही है।