Delhi में बढ़ रहे हैं डेंगू और मलेरिया के मामले, MCD की रिपोर्ट में सामने आए चिंताजनक आंकड़े
Delhi: दिल्ली में मानसून की बारिश के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली नगर निगम (MCD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक राजधानी में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के सैकड़ों मामले दर्ज किए गए है
Delhi: दिल्ली में मानसून की बारिश के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली नगर निगम (MCD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक राजधानी में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के सैकड़ों मामले दर्ज किए गए हैं। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है ताकि समय पर इलाज मिल सके।
MCD की 25 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में अब तक डेंगू के 212 मामले, मलेरिया के 62 और चिकनगुनिया के 14 मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि साल 2026 में अब तक इन बीमारियों से किसी की जान नहीं गई है।
बीमारियों को रोकने के लिए दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार ने कमर कस ली है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने 20 जुलाई को सभी सरकारी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया था। उन्होंने साफ कहा कि अस्पतालों में दवाओं और जांच सुविधाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इससे पहले 24 जून को हुई एक बैठक में भी उन्होंने डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे।
नगर निगम की टीमें अब घर-घर जाकर निरीक्षण कर रही हैं और एंटी-लार्वा स्प्रे का छिड़काव किया जा रहा है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि रुके हुए पानी में ही मच्छर पनपते हैं। साथ ही मच्छर भगाने वाली क्रीम या कॉइल का इस्तेमाल करने और बुखार जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।