Delhi में डेंगू का खतरा बढ़ा, अब तक 199 केस मिले; वेस्ट जोन में सबसे ज्यादा मरीज

Delhi: राजधानी दिल्ली में मानसून के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस साल अब तक शहर में डेंगू के 199 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि मलेरिया के 55 और चिकनगुनिया के 13 केस दर्ज किए गए हैं। राहत की बात यह है

Delhi: राजधानी दिल्ली में मानसून के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस साल अब तक शहर में डेंगू के 199 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि मलेरिया के 55 और चिकनगुनिया के 13 केस दर्ज किए गए हैं। राहत की बात यह है कि इन बीमारियों की वजह से अब तक किसी की जान नहीं गई है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के वेस्ट जोन में डेंगू और मलेरिया के सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। हालांकि, पिछले साल की तुलना में डेंगू के मामलों में थोड़ी कमी आई है, लेकिन चिकनगुनिया के केस बढ़े हैं। एमसीडी (MCD) की टीम लगातार निगरानी कर रही है और घर-घर जाकर जांच कर रही है।

बीमारियों को रोकने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। एमसीडी की टीमों ने इस साल करीब 1.99 करोड़ घरों का दौरा किया, जिनमें से 52,636 घरों में मच्छरों के लार्वा मिले। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करते हुए 47,506 कानूनी नोटिस जारी किए गए और 5,555 लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही, 1,777 लोगों से मौके पर करीब 3.96 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

दिल्ली के मेयर प्रवेष वाही ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास सफाई रखें और ‘कवर, क्लीन और कीप ड्राई’ फॉर्मूले को अपनाएं। अधिकारियों का कहना है कि जुलाई से सितंबर के बीच खतरा बढ़ जाता है और अगस्त से अक्टूबर तक डेंगू के सबसे ज्यादा मामले आते हैं। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि वे कूलर, गमलों और छतों की टंकियों में पानी जमा न होने दें।