Delhi-Dehradun Expressway का हिस्सा धंसा, NHAI ने लिया बड़ा एक्शन, कई अधिकारी सस्पेंड

UP/Muzaffarnagar: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के मुजफ्फरनगर और शामली वाले हिस्से में पहली बारिश के बाद सड़क धंस गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ी का

UP/Muzaffarnagar: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के मुजफ्फरनगर और शामली वाले हिस्से में पहली बारिश के बाद सड़क धंस गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ी कार्रवाई की है। इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2026 को किया था, लेकिन 1 जुलाई 2026 को हुई भारी बारिश ने निर्माण की कमियां उजागर कर दीं।

NHAI ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदार पर गाज गिराई है। 3 और 4 जुलाई 2026 को अथॉरिटी इंजीनियर के टीम लीडर कुलदीप राजदान और ठेकेदार कंपनी मेसर्स कृष्णा कांस्टेलेशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेंद्र पाल सिंह को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही NHAI के साइट इंजीनियर आलोक कुमार को डिबार कर दिया गया है और उनकी सर्विस रिकॉर्ड में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की गई है।

जांच में सामने आया है कि सड़क धंसने के पीछे निर्माण में बड़ी गलतियां थीं। बागपत यूनिट (PIU) की शुरुआती जांच के मुताबिक, मिट्टी की कुटाई (कंपैक्शन) सही से नहीं हुई थी, ढलान के संरक्षण में कमी थी और जल निकासी का सिस्टम दोषपूर्ण था। NHAI ने बताया कि स्थानीय लोगों के विरोध के कारण स्थायी ड्रेनेज सिस्टम चालू नहीं हो पाया था, क्योंकि लोग पुलिया के हिस्से को रास्ते के तौर पर इस्तेमाल कर रहे थे और उसके एकीकरण की अनुमति नहीं दे रहे थे।

NHAI ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर, अथॉरिटी इंजीनियर और ठेकेदार कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। ठेकेदार कंपनी को भविष्य के प्रोजेक्ट्स से ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर ली गई है और यातायात को सामान्य कर दिया गया है। जल निकासी सुधारने के लिए एक अस्थायी नाला बनाया जा रहा है और ढलान को फिर से व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि दोबारा ऐसी समस्या न आए।