Delhi में बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, बिहार के खगड़िया का रहने वाला है आरोपी

Delhi: दिल्ली के महरौली इलाके में एक 10-11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। आरोपी की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी बसु सिंह उर्फ बासो सिंह उर्फ बबलू सिंह के रूप में हुई है,

Delhi: दिल्ली के महरौली इलाके में एक 10-11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। आरोपी की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी बसु सिंह उर्फ बासो सिंह उर्फ बबलू सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से एक कैब ड्राइवर है। यह घटना तब हुई जब पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए ले जा रही थी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 जून 2026 को आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने दो पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर उन पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। फिलहाल आरोपी को दिल्ली के एक अस्पताल में पुलिस की निगरानी में भर्ती कराया गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बच्ची का अपहरण 22 जून 2026 को सुबह करीब 4 बजे हुआ था। पुलिस को इसकी सूचना सुबह 4:58 बजे मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसी दिन सुबह 11 बजे विकासपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची को पिछले कुछ दिनों से जानता था और उसे इलाके में गुब्बारे बेचते हुए देखता था।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार काफी अजीब रहा। अधिकारियों का कहना है कि वह पूरी तरह भावनाहीन था और बार-बार अपने बयान बदल रहा था। उसने अपने किए पर कोई पछतावा नहीं दिखाया। जांच में यह भी पता चला कि वारदात के समय आरोपी ने गांजे का सेवन किया था और वह नशे की हालत में था। आरोपी का बिहार में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह नशीले पदार्थों का आदी है।

इस घटना पर आरोपी के परिवार की अलग-अलग प्रतिक्रिया आई है। आरोपी के पिता ने कहा कि जो जैसा करेगा उसे वैसा ही फल मिलेगा, जबकि उसकी मां ने बेटे को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।