Delhi के छतरपुर में जलभराव से मिलेगी राहत, डेरा मंडी रोड पर बनेगा नया नाला
Delhi: छतरपुर इलाके के मंडी गांव के पास डेरा मंडी रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए दिल्ली सरकार ने कमर कस ली है। पीडब्ल्यूडी और जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को खुद मौके पर जा
Delhi: छतरपुर इलाके के मंडी गांव के पास डेरा मंडी रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए दिल्ली सरकार ने कमर कस ली है। पीडब्ल्यूडी और जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क और सीवर व्यवस्था की समीक्षा की और लोगों को इस समस्या से स्थायी छुटकारा दिलाने के लिए कई जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि यह इलाका प्राकृतिक रूप से निचला है, जिसकी वजह से बारिश का पानी यहां जमा हो जाता है। पहले यह पानी एक प्राकृतिक नाले के जरिए हरियाणा की तरफ चला जाता था, लेकिन शहरीकरण और ज्यादा निर्माण कार्य होने की वजह से वह रास्ता बंद हो गया। अब भारी बारिश के समय यहां सड़क पर पानी और सीवर का गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती है।
फिलहाल जमा हुए पानी को निकालने के लिए पीडब्ल्यूडी ने पीटीओ पंप तैनात किए हैं जो लगातार काम कर रहे हैं। लेकिन भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए एक बड़ा प्लान तैयार किया गया है। पीडब्ल्यूडी अब डेरा मंडी रोड से डेरा भाटी रोड तक एक नया प्रीकास्ट आरसीसी नाला बनाएगा। यह नाला बांध रोड से जुड़ेगा और वहां से पानी को पंप के जरिए दिल्ली के एसएसएन मार्ग नाले में भेज दिया जाएगा।
प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ बारिश के बाद पानी निकालना नहीं है, बल्कि ऐसा सिस्टम बनाना है जिससे पानी जमा ही न हो। उन्होंने साफ किया कि तेजी से बढ़ती आबादी और कंक्रीट के निर्माण ने प्राकृतिक जलमार्गों को खत्म कर दिया है, इसलिए अब वैज्ञानिक तरीके से इंजीनियरिंग समाधान निकाले जा रहे हैं। सरकार दिल्ली के अन्य संवेदनशील इलाकों का भी आकलन कर रही है ताकि वहां भी जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म किया जा सके।