Delhi के बवाना में गैंगवार का खौफ, बाइक सवार बदमाशों ने शख्स की गोलियों से कर दी हत्या

Delhi: बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूंठ खुर्द गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक शख्स की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मरने वाला व्यक्ति 45 वर्षीय जोगिंदर उर्फ काला था, जो पा

Delhi: बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब पूंठ खुर्द गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक शख्स की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मरने वाला व्यक्ति 45 वर्षीय जोगिंदर उर्फ काला था, जो पानी सप्लाई का काम करता था। यह वारदात सुबह करीब 8:15 बजे हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

बाहरी दिल्ली के डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि पुलिस को सुबह गोलीबारी की सूचना मिली थी। इसके बाद बवाना थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक सबूत जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस इस पूरी घटना की जांच पुरानी रंजिश और गैंगवार के एंगल से कर रही है। डीसीपी सक्सेना के मुताबिक, मृतक जोगिंदर का भाई धर्मेंद्र थाने का घोषित बदमाश है और फिलहाल फरार है। इस मामले में पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गौर कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी खास गैंग के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

दूसरी तरफ, मृतक के परिवार ने इस हत्या के पीछे हिमांशु भाऊ गैंग और विदेश में रहने वाले विक्की हर्डल की संलिप्तता का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस को धमकियों के बारे में बताया था और सीसीटीवी फुटेज भी दिए थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सूत्रों के मुताबिक, इसी विवाद की वजह से पहले भी तीन लोगों की हत्या हो चुकी है और जोगिंदर इस कड़ी में चौथे शिकार हो सकते हैं।

जोगिंदर को आनन-फानन में महर्षि वाल्मीकि अस्पताल (एमवी अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है।