Delhi में बारिश के बाद फिर बढ़ा प्रदूषण, AQI 294 पहुंचा; GRAP-1 लागू करने पर CAQM का बड़ा फैसला

Delhi: राजधानी दिल्ली में बारिश थमते ही हवा की क्वालिटी एक बार फिर बिगड़ गई है। पिछले कुछ दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भारी उछाल देखा गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार सुबह तक दिल्ली का AQI 294

Delhi: राजधानी दिल्ली में बारिश थमते ही हवा की क्वालिटी एक बार फिर बिगड़ गई है। पिछले कुछ दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भारी उछाल देखा गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार सुबह तक दिल्ली का AQI 294 के स्तर पर पहुंच गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

हवा की इस खराब स्थिति को देखते हुए चर्चा थी कि सरकार GRAP-1 के प्रतिबंध लागू कर सकती है। हालांकि, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने फिलहाल GRAP-1 लागू नहीं करने का निर्णय लिया है। आयोग का कहना है कि प्रदूषण बढ़ने की मुख्य वजह स्थानीय नहीं है, बल्कि अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान में आए तूफान की वजह से उड़कर आई खनिज धूल है।

डेटा के मुताबिक, 9 जुलाई को दिल्ली का औसत AQI 48 था, जिसे ‘अच्छा’ माना जाता है। इसके बाद 11 जुलाई को यह 140 और 12 जुलाई को बढ़कर 261 हो गया। सोमवार सुबह यह आंकड़ा 294 तक जा पहुंचा, जो पिछले 85 दिनों का सबसे अधिक स्तर है।

CAQM ने भरोसा जताया है कि जैसे ही बाहर से आने वाली धूल का असर कम होगा, अगले कुछ दिनों में AQI में सुधार हो जाएगा। हालांकि, सावधानी के तौर पर दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) को धूल नियंत्रण के काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। GRAP उप-समिति लगातार स्थिति पर नजर रख रही है।

जानकारी के लिए बता दें कि GRAP एक रणनीतिक ढांचा है जिसे 2016 में सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिली थी। इसके तहत AQI के स्तर के आधार पर अलग-अलग चरणों में प्रतिबंध लगाए जाते हैं। 201 से 300 के बीच AQI होने पर पहला चरण यानी GRAP-1 लागू होता है। वर्तमान में इस व्यवस्था को CAQM द्वारा संचालित किया जा रहा है।