Delhi में शादी के 72 दिन बाद युवती की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
Delhi: राजधानी दिल्ली में 28 साल की आकृति सुतार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना 4 जुलाई 2026 की है, जो शादी के ठीक 72 दिन बाद हुई. आकृति के परिवार ने पति और ससु
Delhi: राजधानी दिल्ली में 28 साल की आकृति सुतार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना 4 जुलाई 2026 की है, जो शादी के ठीक 72 दिन बाद हुई. आकृति के परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने दहेज हत्या और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
आकृति और अरस्तु ने 24 अप्रैल 2026 को प्रेम विवाह किया था. आकृति छतरपुर में एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एक्जीक्यूटिव का काम करती थीं. भाई अमय सुतार और मां अनु साय सुतार का कहना है कि शादी के बाद अरस्तु और उसके परिवार ने 10 से 20 लाख रुपये और बेड, सोफा, फ्रिज जैसे घरेलू सामान की मांग शुरू कर दी थी. आरोप है कि अरस्तु आकृति की नौकरी के खिलाफ था और चाहता था कि वह अपनी पूरी सैलरी उसे दे दे, साथ ही उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव भी बनाया जा रहा था.
परिवार ने बताया कि अरस्तु का आकृति के मोबाइल फोन पर पूरा कंट्रोल था. अगर आकृति पासवर्ड बदलती थी, तो उस पर दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाया जाता था. भाई अमय के मुताबिक, फोन न उठाने पर अरस्तु ने आकृति को बेल्ट से भी पीटा था. 3 जुलाई 2026 को आकृति ने पहली बार अपने परिवार को बताया कि उसे ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना मिल रही है और उसे डर है कि अरस्तु उसे मार सकता है.
मौत वाले दिन 4 जुलाई को आकृति अपने ऑफिस गई थीं और सहकर्मियों को पार्टी भी दी थी. शाम 6 बजे उन्होंने अपनी मां से बात की, लेकिन रात 8 बजे पति ने फोन कर बताया कि वह गायब हैं. करीब 90 मिनट बाद पुलिस ने लोधी कॉलोनी के पालिका कुंज स्थित एक फ्लैट के नीचे आकृति का शव बरामद किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऊंचाई से गिरने के कारण मौत की बात सामने आई है. पुलिस को आकृति के फोन में ‘कैसे मरें’ से जुड़ी सर्च हिस्ट्री मिली है और सीसीटीवी फुटेज में वह साकेत मेट्रो स्टेशन से अकेले घटनास्थल तक जाती दिखी हैं. फिलहाल पुलिस और एसडीएम मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं.