Delhi में प्रदर्शनकारियों का बवाल, दो ACP घायल; साथी को बचाने गए थे ACP विवेक भगत, सिर और छाती पर हुए हमले

Delhi: राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस और जंतर मंतर इलाके में हुए हिंसक प्रदर्शनों में दो सीनियर पुलिस अधिकारी (ACP) घायल हो गए। यह घटना NEET परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)&#821

Delhi: राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस और जंतर मंतर इलाके में हुए हिंसक प्रदर्शनों में दो सीनियर पुलिस अधिकारी (ACP) घायल हो गए। यह घटना NEET परीक्षा में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के सदस्यों और पुलिस के बीच हुई झड़प के दौरान हुई। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने पत्थरों और बोतलों से हमला किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं।

बुधवार रात करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस के टॉलस्टॉय मार्ग के पास ACP विवेक भगत पर हमला हुआ। विवेक भगत अपने एक साथी पुलिसकर्मी को बचाने की कोशिश कर रहे थे, जिसका चेहरा खून से लथपथ था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन पर नुकीली ईंटों और अन्य चीजों से हमला किया, जिससे उनके चेहरे और छाती पर चोटें आईं। RML अस्पताल की रिपोर्ट के अनुसार, उनके सिर के पिछले हिस्से में सूजन थी और बाद में कान से खून आने और उल्टी होने के कारण उन्हें AIIMS रेफर किया गया।

इससे पहले उसी दिन शाम करीब 4:30 बजे जंतर मंतर के पास एक और झड़प हुई थी। यहाँ पंजाबी बाग के ACP जय प्रकाश को सिर पर पत्थर लगा था। पुलिस उस समय प्रदर्शनकारियों को पार्लियामेंट स्ट्रीट की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए ह्यूमन चेन बना रही थी। डॉक्टरों ने बताया कि इस हमले की वजह से उनके सिर में मामूली फ्रैक्चर हुआ है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोमवार 20 जुलाई से शुरू हुए इन प्रदर्शनों में अब तक 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो चुके हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और स्पेशल कमिश्नर देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने घायल जवानों का हाल जाना। पुलिस ने हिंसा और पत्थरबाजी के मामले में केस दर्ज कर लिया है। जहाँ पुलिस का कहना है कि कुछ प्रदर्शनकारी हथियार लेकर आए थे, वहीं CJP ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया है। फिलहाल जंतर मंतर, पार्लियामेंट स्ट्रीट और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।