Delhi में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सुबह 4 बजे से चलेंगी बसें, लेडीज स्पेशल में तैनात होंगी महिला पुलिसकर्मी

Delhi: दिल्ली में काम पर जाने वाली महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब शहर के सभी रूटों पर सुबह 4 बजे से बस सेवाएं शुरू करने की योजना है, ताकि जल्दी निकलने वाले यात्रियों को परेशानी न

Delhi: दिल्ली में काम पर जाने वाली महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब शहर के सभी रूटों पर सुबह 4 बजे से बस सेवाएं शुरू करने की योजना है, ताकि जल्दी निकलने वाले यात्रियों को परेशानी न हो और वे सुरक्षित सफर कर सकें।

उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू ने हाल ही में हुई बैठकों में साफ किया है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने DTC को निर्देश दिए हैं कि स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और इंडस्ट्रियल एरिया को जोड़ने वाले सभी रूटों पर सुबह 4 बजे से बसें चलाई जाएं। खास बात यह है कि इन शुरुआती बसों को महिला ड्राइवर चलाएंगी और साथ में महिला पुलिसकर्मी और मार्शल भी मौजूद रहेंगे।

सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए ‘लेडीज स्पेशल’ बसों में अब महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। दिल्ली पुलिस इसके लिए जरूरी स्टाफ उपलब्ध कराएगी और मदद के लिए होमगार्ड मार्शल भी तैनात किए जा सकते हैं। यह कदम उन रूटों पर सबसे पहले लागू होगा जहां महिला यात्रियों की संख्या ज्यादा है, खासकर बाहरी दिल्ली के दूर-दराज के इलाकों में।

तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए बसों में लगे पैनिक बटन को अब सीधे दिल्ली पुलिस के 112 PCR इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना मिलेगी और मदद जल्दी पहुंचेगी।

सुविधा नया बदलाव/योजना
बस सेवा का समय सभी रूटों पर सुबह 4 बजे से शुरुआत
लेडीज स्पेशल बसें संख्या 30 से बढ़ाकर 50 करने पर विचार
सुरक्षा स्टाफ महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड मार्शल की तैनाती
ड्राइवर शुरुआती बसों में महिला ड्राइवरों को प्राथमिकता
इमरजेंसी सिस्टम पैनिक बटन का 112 PCR से सीधा जुड़ाव
पुलिस स्टेशन सभी जिलों में महिलाओं के लिए अलग पुलिस स्टेशन की योजना

LG ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर और ट्रांसपोर्ट सचिव के साथ बैठक कर इन इंतजामों की समीक्षा की है। अधिकारियों ने बताया कि उन रूटों की पहचान कर ली गई है जहां महिला यात्री ज्यादा सफर करती हैं। इसके अलावा, सरकार सभी पुलिस जिलों में महिलाओं और बच्चों के लिए अलग पुलिस स्टेशन खोलने की तैयारी में है ताकि उनकी शिकायतें जल्दी सुनी जा सकें।