Lucknow में कांग्रेस करेगी ‘छात्रों की गूंज’ रैली, पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर उठेंगे सवाल
UP/Lucknow : पेपर लीक और बेरोजगारी से परेशान छात्रों के समर्थन में कांग्रेस अब लखनऊ की सड़कों पर उतरेगी। राजस्थान के कोटा में हुई रैली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश की राजधानी में भी एक प्रदेश स्तरीय रैली आयोजित की जाएगी। इस क
UP/Lucknow : पेपर लीक और बेरोजगारी से परेशान छात्रों के समर्थन में कांग्रेस अब लखनऊ की सड़कों पर उतरेगी। राजस्थान के कोटा में हुई रैली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश की राजधानी में भी एक प्रदेश स्तरीय रैली आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस पेपर लीक और शिक्षा प्रणाली की खामियों के खिलाफ छात्रों की आवाज बुलंद करने की तैयारी में है।
हापुड़ के जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने इस रैली की जानकारी दी। यह पूरा अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के नाम से चलाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 17 जून 2026 को राजस्थान के कोटा से हुई थी। इस देशव्यापी अभियान का नेतृत्व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कर रहे हैं।
कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य पेपर लीक, परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ी और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को सरकार के सामने लाना है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नीट पेपर लीक के मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परीक्षा सुधारों की जरूरत बताई है।
इस अभियान के तहत राहुल गांधी आने वाले दिनों में कई शहरों में छात्रों से संवाद करेंगे। वह 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस इस अभियान को जमीनी स्तर पर ले जा रहे हैं, वहीं एनएसयूआई ने राजभवन घेराव का भी ऐलान किया है।