Lucknow में 25 जुलाई को बड़ा प्रदर्शन करेंगे चंद्रशेखर आजाद, NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

UP/Lucknow: नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद 25 जुलाई को लखनऊ के इको गार्डन में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई

UP/Lucknow: नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद 25 जुलाई को लखनऊ के इको गार्डन में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ किया जा रहा है। चंद्रशेखर आजाद इस आंदोलन के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में NEET अभ्यर्थी और 69000 शिक्षक भर्ती के उम्मीदवार भी शामिल होंगे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार करना है। साथ ही, उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है जिन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज किया था।

चंद्रशेखर आजाद 24 जुलाई को लखनऊ पहुंच गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह खुद प्रदर्शन में शामिल होकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने देशभर के जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन का आह्वान किया है, लेकिन समर्थकों से अपील की है कि वे अपने-अपने जिलों में ही प्रदर्शन करें और लखनऊ न आएं।

आजाद ने सरकार को अपनी मांगें पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो आगे बड़े मार्च, जेल भरो आंदोलन और भारत बंद जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।

दूसरी तरफ, लखनऊ पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट पर है। 24 जुलाई को ही NEET और शिक्षक भर्ती के कई उम्मीदवारों ने संयुक्त प्रदर्शन किया था, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरों का इंतजाम किया है। लखनऊ में पहले धारा 163 लागू की जा चुकी थी, जिसके तहत बिना अनुमति जुलूस निकालने और ड्रोन उड़ाने पर रोक थी।