UP के चंदौली में मोनू हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 50 हजार का था इनाम
चंदौली: सैयदराजा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मोनू हत्याकांड के मुख्य आरोपी मंगरु मुसहर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. यह पूरी कार्रवाई 3 जुलाई 2026 क
चंदौली: सैयदराजा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मोनू हत्याकांड के मुख्य आरोपी मंगरु मुसहर को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. यह पूरी कार्रवाई 3 जुलाई 2026 को की गई है.
यह मामला 15 दिसंबर 2025 का है जब दूधारी गांव में चोरी का विरोध करने पर 15 साल के मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद से ही मंगरु मुसहर फरार चल रहा था. पुलिस के मुताबिक वह अपनी पहचान छिपाने के लिए पहले गुजरात भाग गया था और वहां एक फैक्ट्री में मजदूरी करता रहा. हाल ही में वह गुजरात से बिहार के कैमूर जिले में अपने एक रिश्तेदार के घर कुढनी गांव में छिपा हुआ था.
इस गिरफ्तारी में सैयदराजा पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम के साथ बिहार पुलिस ने मिलकर काम किया. पूछताछ में मंगरु ने बताया कि चोरी के दौरान जब मोनू और उसके पिता ने उसके साथी निहोर मुसहर को पकड़ लिया था, तब निहोर ने खुद को बचाने के लिए तमंचे से गोली चला दी थी, जिससे मोनू की मौत हो गई. इस गिरोह में नागेश्वर उर्फ रिंकू नाम का एक स्थानीय लाइनर भी शामिल था जो चोरी की साजिश रचता था. निहोर मुसहर को पुलिस पहले ही एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र और साइबर सेल के उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वाले और समाज में डर पैदा करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.