Buxar की नवविवाहिता की Lucknow में मौत, पति समेत 6 पर दहेज हत्या का केस दर्ज
Bihar/Buxar: बक्सर के खड़हाटांड़ गांव की एक 24 साल की नवविवाहिता सोनाली की लखनऊ में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. शादी के महज चार महीने बाद हुई इस घटना ने सबको चौंका दिया है. मृतका के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज के ल
Bihar/Buxar: बक्सर के खड़हाटांड़ गांव की एक 24 साल की नवविवाहिता सोनाली की लखनऊ में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. शादी के महज चार महीने बाद हुई इस घटना ने सबको चौंका दिया है. मृतका के परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
सोनाली की शादी 26 फरवरी 2026 को भोजपुर के पिंजरौली गांव के कमलाकांत मिश्र से हुई थी. कमलाकांत ICICI Bank में डिप्टी मैनेजर के तौर पर काम करते हैं और लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में रहते हैं. सोनाली 28 जून को अपने पति के पास लखनऊ गई थी, लेकिन 4 जुलाई की दोपहर को पति ने फोन कर उसकी आत्महत्या की खबर सुनाई. इसके बाद मृतका के भाई अभिषेक ओझा ने रविवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
परिजनों का कहना है कि शादी में 15 लाख रुपये नकद, 250 ग्राम सोना और ढाई लाख का फर्नीचर दिया गया था, फिर भी ससुराल वाले चार पहिया गाड़ी की मांग कर रहे थे. मायके वालों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है क्योंकि सोनाली के गले के साथ-साथ हाथ और पैरों पर भी रस्सी के निशान मिले हैं. सबसे हैरान करने वाला आरोप यह है कि पति ने पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय उसके शव के साथ अपनी फोटो खिंचवाई.
लखनऊ की इंदिरा नगर पुलिस ने इस मामले में पति कमलाकांत मिश्र, ससुर शारदानंद मिश्र, सास रमावती देवी, ननद गिरजा चौबे, भसुर लक्ष्मीकांत मिश्र और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी समेत कुल छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रभारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.