Mumbai में स्कूली बच्चों का डेटा हैक, Bombay High Court ने हैकर्स को रोका, Google को ईमेल आईडी ब्लॉक करने का आदेश

Maharashtra: मुंबई के कुछ स्कूलों के बच्चों की निजी जानकारी चोरी करने वाले हैकर्स के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट ने कड़ा कदम उठाया है। कोर्ट ने ‘FulcrumSec’ नाम के हैकर ग्रुप और अन्य अज्ञात लोगों को बच्चों की संवे

Maharashtra: मुंबई के कुछ स्कूलों के बच्चों की निजी जानकारी चोरी करने वाले हैकर्स के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट ने कड़ा कदम उठाया है। कोर्ट ने ‘FulcrumSec’ नाम के हैकर ग्रुप और अन्य अज्ञात लोगों को बच्चों की संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक करने से रोक दिया है। यह मामला तब सामने आया जब हैकर्स ने डेटा लीक करने की धमकी देकर भारी रकम मांगी थी।

मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस आरिफ डॉक्टर ने कहा कि यह घटना बेहद परेशान करने वाली है। उन्होंने गौर किया कि बच्चों की मानसिक सेहत और अन्य निजी जानकारियों का खुलासा होने से उन पर बहुत बुरा असर पड़ सकता है। कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक तरफा अंतरिम आदेश (ex-parte ad-interim order) जारी किया है ताकि डेटा को फैलने से तुरंत रोका जा सके।

हैकर्स ने इस डेटा के बदले 7,50,000 डॉलर (करीब 6 करोड़ रुपये से ज्यादा) की फिरौती मांगी थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से सीनियर काउंसिल बीरेंद्र सराफ ने दलील दी कि अगर हैकर्स को नोटिस भेजकर बुलाया जाता, तो वे डेटा को और तेजी से लीक कर सकते थे, इसलिए तुरंत राहत की जरूरत थी। कोर्ट ने अब Google LLC और अन्य संस्थाओं को आदेश दिया है कि वे उन ईमेल आईडी को ब्लॉक करें जिनका इस्तेमाल यह हैकर ग्रुप कर रहा है।

चोरी हुए डेटा में बच्चों के घर से स्कूल आने-जाने का समय और रास्ता, उनकी मेडिकल रिपोर्ट, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बातें और उनके माता-पिता की कमाई और पेशे जैसी गोपनीय जानकारियां शामिल हैं। यह डेटा प्रतीक्षा फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट और एक कॉर्पोरेट संस्था द्वारा संचालित स्कूलों का है, जो मुंबई के साथ-साथ विदेशों में भी हैं। इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 1 जुलाई 2026 को होगी।