Mumbai में BMC बदलेगी सरकारी अस्पतालों का चेहरा, AI से होगी जांच और ऑनलाइन मिलेगा बेड

Maharashtra: मुंबई के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। BMC ने शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए एक तीन चरणों वाला प्लान तैयार किया है। अब मरीजों को बेड के लिए भटकना नहीं पड़ेगा

Maharashtra: मुंबई के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। BMC ने शहर की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए एक तीन चरणों वाला प्लान तैयार किया है। अब मरीजों को बेड के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और AI तकनीक की मदद से बीमारियों की जांच और इलाज ज्यादा सटीक तरीके से हो सकेगा।

बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिडे ने 22 जुलाई 2026 को इस पूरे रोडमैप की समीक्षा की। इस योजना के पहले चरण में स्मार्ट डिजिटल OPD शुरू की जाएगी ताकि मरीजों को लंबी लाइनों में न लगना पड़े। साथ ही, अस्पतालों में खाली पदों को भरने और इंश्योरेंस हेल्प डेस्क बनाने पर जोर दिया जाएगा।

दूसरे चरण में सबसे बड़ा बदलाव ऑनलाइन बेड एलोकेशन सिस्टम के रूप में आएगा। इससे वेटिंग लिस्ट वाले मरीजों को खाली बेड की जानकारी मिलेगी और उन्हें सीधे अलॉट किया जा सकेगा। इसके अलावा, हर वार्ड में 24 घंटे खुलने वाले डिस्पेंसरी शुरू होंगे। रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी में AI का इस्तेमाल होगा और अस्पताल के स्टाफ को मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने की ट्रेनिंग दी जाएगी।

तीसरे चरण में अस्पतालों को NABH जैसी नेशनल और इंटरनेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन दिलाने पर ध्यान दिया जाएगा ताकि इलाज का स्तर अंतरराष्ट्रीय स्तर का हो सके।

बीएमसी ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए Fractal Analytics Limited के साथ ‘Vaidya AI’ प्लेटफॉर्म के लिए समझौता किया है। इसका पायलट प्रोजेक्ट KEM, राजवाड़ी और कांदिवली के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अस्पताल में चलाया जाएगा। इससे डॉक्टरों को प्रशासनिक कामों से राहत मिलेगी और वे मरीजों के इलाज पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे।

मरीजों की सुविधा के लिए एक हेल्थ चैटबॉट भी शुरू किया गया है, जिससे लोग बीमारियों की जानकारी ले सकते हैं और ऑनलाइन OPD अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, बीएमसी ने साल 2026-27 के लिए स्वास्थ्य बजट में 7,456.80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसमें 4,556 नए बेड जोड़ने और चार बड़े अस्पतालों में 3-Tesla MRI मशीनें लगाने की योजना है।