UP में 2027 चुनाव की तैयारी शुरू, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सांसदों और विधायकों को दिया जीत का मंत्र

UP: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 4 और 5 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरे का मुख्य मकसद 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को औपचारिक रूप से शुरू करना था

UP: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 4 और 5 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरे का मुख्य मकसद 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को औपचारिक रूप से शुरू करना था। लखनऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद एक भव्य रोड शो निकाला गया।

नितिन नवीन ने बीजेपी सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ जन प्रतिनिधियों की एक अहम बैठक की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जन प्रतिनिधि सिर्फ अपने दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और घरों में जाकर लोगों से मिलें। उन्होंने जोर दिया कि सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद बढ़ाना जरूरी है ताकि उनका समर्थन वोट में बदल सके।

बैठक के दौरान उन्होंने योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी में माफियाओं और बाहुबलियों के समानांतर चलने वाले सत्ता तंत्र को खत्म कर कानून का राज स्थापित किया गया है। उन्होंने इसे सुशासन का एक ऐसा मॉडल बताया जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है।

नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को ‘नेशन फर्स्ट’ की विचारधारा पर चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए वे जातिवादी राजनीति और भ्रम फैलाकर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक नैरेटिव में न फंसें और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं।

इस दौरे के दौरान उन्होंने एनडीए नेताओं, क्षेत्रीय अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ भी चर्चा की। यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनावी संदेश को बूथ स्तर तक ले जाना होगा। पार्टी का मानना है कि अगले सात से आठ महीने निर्णायक होंगे और सामूहिक कोशिशों से 2027 में फिर से डबल इंजन की सरकार बनेगी।