Bihar में मानसून के बीच भीषण गर्मी और उमस, IMD ने उत्तर बिहार के 12 जिलों के लिए जारी किया Yellow Alert
Bihar: बिहार में मानसून आने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है और लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं। आसमान से बारिश वाले बादल गायब हैं, जिसकी वजह से तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून की सक्र
Bihar: बिहार में मानसून आने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है और लोग भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हैं। आसमान से बारिश वाले बादल गायब हैं, जिसकी वजह से तापमान बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, इस मानसून सीजन में अब तक बिहार में सामान्य से करीब 52% कम बारिश हुई है। बारिश की इस कमी का सीधा असर खेती पर पड़ रहा है और धान की रोपनी अब तक केवल 4% ही हो पाई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त नमी नहीं मिल रही है और राज्य में कोई सक्रिय ट्रफ रेखा या कम दबाव का क्षेत्र नहीं है, इसलिए अच्छी बारिश नहीं हो पा रही है।
तापमान की बात करें तो 05 जुलाई को पटना में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और कैमूर में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में सुबह के समय तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन उमस के कारण यह 43 डिग्री जैसा महसूस हो रहा था।
आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटों में राज्य के कई इलाकों में तापमान 1 से 3 डिग्री और बढ़ सकता है। वहीं, 06 और 07 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण और सीवान जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना है। दरभंगा, सीतामढ़ी और चंपारण के जिलों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर बिहार के 12 जिलों, जिनमें मिथिलांचल का क्षेत्र भी शामिल है, के लिए बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आपदा विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।